धनबाद, 27 दिसंबर 2023 ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरआरयू) और धनबाद मंडल के रेल शाखा अधिकारियों के बीच छठवीं स्थाई वार्ता तंत्र की बैठक आज मंडल कार्यालय के सभागार में हुई। बैठक में कर्मचारी कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
ईसीआरआरयू के अपर महामंत्री सह स्थाई वार्ता तंत्र प्रभारी मोहम्मद जियाउद्दीन ने बैठक में कहा कि आपातकालीन स्थिति में रेल कर्मचारी या सेवानिवृत कर्मचारियों का रेल से जुड़े निजी अस्पतालों में भर्ती होने पर इलाज की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने अस्पताल की सभी वार्ड को वातानुकूलित करने, दवा एवं डॉक्टर की कमी को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग भी रखी।
जियाउद्दीन ने कहा कि सभी अस्पतालों में अभिलंब एंबुलेंस की व्यवस्था की जानी चाहिए और आपात स्थिति में रेफर होने पर रेल अस्पताल के द्वारा एंबुलेंस उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने धनबाद मंडल के सभी जगह यार्ड एवं रेल कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट हाई मास्ट की व्यवस्था करने और रांची/हटिया से बरकाकाना नए रेलखंड पर चालक दल को प्रतिदिन 120 किलोमीटर का भत्ता देने की मांग भी रखी।
बैठक में ईसीआरआरयू के केंद्रीय अध्यक्ष कामरेड डी के पांडेय, केंद्रीय सहायक मंत्री कामरेड ओमप्रकाश, केंद्रीय संगठन मंत्री नेताजी सुभाष, सोमेन दत्ता, मीडिया प्रभारी एन के खवास एवं 14 शाखाओं से आए हुए यूनियन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद ईसीआरआरयू के अपर महामंत्री मोहम्मद जियाउद्दीन ने बताया कि वार्ता में कर्मचारी कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि वार्ता के परिणामस्वरूप कर्मचारियों को कई लाभ मिलेंगे।