**हजारीबाग, 01 दिसंबर 2023:** सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 59वें स्थापना दिवस पर हजारीबाग के मेरू कैंप में आयोजित समारोह में डीजी नितिन अग्रवाल ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान सीमा पर 81 ड्रोन को मार गिराया गया है। इनमें अधिकांश ड्रोन चाइनीज कंपनी के होते हैं। पाकिस्तानी रेंजर्स को भी इस बारे जानकारी दी गई है। लेकिन वे हमेशा की तरह वे इस बात को स्वीकार नहीं करते।
डीजी ने कहा कि देश सेवा में BSF ने 1968 शहादत दी है। आज के कार्यक्रम में सबसे पहले जवानों की शहादत को नमन किया जाएगा।
बल को अब तक एक महावीर चक्र, 13 वीर चक्र, छह कीर्ति चक्र, 13 शौर्य चक्र, 56 सेना मेडल, 232 प्रेसिडेंट पुलिस मेडल फार गैलेंटरी व 1001 पुलिस मेडल फार गैलेंटरी से नवाजा गया है। 2023 में स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस समारोह 119 पदकों से नवाजा जा चुका है।
डीजी ने कहा कि BSF देश की 6386 किलोमीटर लंबी सीमा की सुरक्षा करती है। इसमें भारत-पाकिस्तान सीमा पर 2289 किमी, एलओसी पर संयुक्त रूप से 772 किमी व व्यक्तिगत रूप से 237 किमी, इंडो-बांग्लादेश सीमा पर चार हजार 96 किमी लंबी सीमा पर सुरक्षा का जिम्मा संभालती है।
उन्होंने बताया कि BSF ने अबतक एक हजार किलो ब्राउन शुगर, 22 हजार किलो अन्य मादक पदार्थ, दो सौ किलो से अधिक सोना, हथियार, कारतूस के अलावा हजारों की संख्या में तस्करी के लिए लाए गए मवेशियों को जब्त किया है।
BSF की स्थापना 1 दिसंबर, 1965 को हुई थी। डायरेक्टर जनरल केएफ रुस्तम ने BSF की नींव रखी थी।
भारत की प्रथम रक्षा पंक्ति होने के नाते इस समय सीमा सुरक्षा बल की कुल 192 बटालियन है। इनके जिम्मे विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा का कार्य है।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ के घने जंगलों के अलावा मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड जैसे राज्यों की दुर्गम पहाड़ियों व जम्मू कश्मीर राज्य के बर्फीले इलाकों में आतंकवाद, नक्सलवाद जैसे अवैध संगठनों को रोकने के लिए यह बल अपना प्रमुख योगदान दे रहा है।
प्रशिक्षण केंद्र व स्कूल मेरू को 2002 में सेंटर आफ एक्सीलेंस का अवार्ड मिला था। इसके बाद सेंटर आफ एक्सीलेंस काउंटर इंसरजेंसी एंड कमांडो, एक्सपोलोसिव डिटेंशन व हैंडलिंग का प्रमाण मिला है।
इसके अलावा भारत सरकार ने भी सेंटर आफ एक्सीलेंस का अवार्ड दिया है। इसके साथ ही प्रशिक्षण केंद्र आइएसओ 9001-2015 से भी प्रमाणित है।